*खरोरा सोमवारी बाजार में अव्यवस्था से राहगीर परेशान, जाम और हादसे का खतरा - धीरेन्द्र वर्मा*
खरोरा के सोमवारी बाजार में पर्याप्त जगह के अभाव और बेतरतीब ढंग से दुकानें लगने के कारण भीषण जाम की स्थिति बन रही है, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी हो रही है। वाहनों के लिए पार्किंग की कोई व्यवस्था न होने से लोग सड़क किनारे कहीं भी गाड़ियां खड़ी कर देते हैं, वहीं बगल से गुजरने वाले मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार से बड़ी गाड़ियों के आने-जाने के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। सड़क पार करने के लिए लोगों को जद्दोजहद करनी पड़ती है। बूड़ेनी निवासी बुजुर्ग श्यामसुंदर सोनवानी को बाजार में अत्यधिक परेशानियों का सामना करना पड़ा। बाजार पहुंचे धीरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि भीड़ और अव्यवस्था के कारण आम लोगों का चलना दूभर हो गया है। नागरिकों ने शासन-प्रशासन, जिम्मेदार अधिकारियों एवं नगर पंचायत खरोरा से सोमवारी बाजार की व्यवस्था सुधारने, पार्किंग स्थल चिन्हित करने तथा यातायात सुगम बनाने के लिए विशेष ध्यान देने की मांग की है।