रिपोर्टर रोहित वर्मा
लोकेशन खरोरा
*साइंस सेंटर में बच्चों ने विज्ञान को जाना प्रयोग और नवाचार के माध्यम से*
*भौतिकी एवं रसायन विज्ञान आधारित “फिजिक्स एंड केमिस्ट्री फन फैक्ट्री” तथा “वेस्ट टू वॉव” समर साइंस कैंप का सफल आयोजन*
खरोरा
, रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ रीजनल साइंस सेंटर में 19 से 22 मई तक आयोजित Physics and Chemistry Fun Factory एवं “Waste to Wow” समर साइंस कैंप का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस आयोजन में कलिंगा यूनिवर्सिटी, रायपुर का सहयोग प्राप्त हुआ।
कैंप का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता, नवाचार क्षमता तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा। गतिविधि आधारित इस प्रशिक्षण में विद्यार्थियों ने विज्ञान के सिद्धांतों को केवल पढ़ा नहीं, बल्कि स्वयं प्रयोग कर उन्हें समझा।
रसायन विज्ञान सत्र में विद्यार्थियों ने क्रिस्टलाइजेशन, इलेक्ट्रोलिसिस, अम्ल-क्षार अभिक्रिया (Acid-Base Reaction), मिल्क आर्ट तथा न्यूट्रलाइजेशन जैसे प्रयोगों को व्यावहारिक रूप से किया। वहीं भौतिक विज्ञान के अंतर्गत न्यूटन के गति नियम, दाब एवं निर्वात जैसे महत्वपूर्ण सिद्धांतों को रोचक गतिविधियों के माध्यम से समझाया गया।
“वेस्ट टू वॉव” कैंप के दौरान विद्यार्थियों ने अनुपयोगी एवं पुनर्चक्रित सामग्री का उपयोग कर उपयोगी वैज्ञानिक मॉडल एवं आकर्षक क्राफ्ट सामग्री तैयार की। विद्यार्थियों ने Water Level Indicator मॉडल के माध्यम से जल स्तर संकेतक की कार्यप्रणाली को समझा, वहीं Electromagnetic Crane बनाकर विद्युत एवं चुंबकत्व के सिद्धांतों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया।
कैंप के अंतिम चरण में आयोजित Buzz Wire Game के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी एकाग्रता, संतुलन एवं समन्वय क्षमता का परीक्षण किया। पूरे आयोजन के दौरान विद्यार्थियों की वैज्ञानिक समझ, रचनात्मकता, टीमवर्क तथा समस्या समाधान क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन देखने को मिला।
खरोरा क्षेत्र से कक्षा 6वीं से 8वीं तक के विद्यार्थियों — कवि पंसारी, लव्य, तन्मय, लव कोसले, लक्ष्य देवांगन, चारु यादव, वर्षिता, धनुष्का एवं साक्षी चंद्राकर ने सक्रिय सहभागिता करते हुए सफलतापूर्वक कैंप पूर्ण किया तथा प्रमाण पत्र प्राप्त किए।