*खरोरा में हनुमान जन्मोत्सव पर सुंदरकांड व रामायण पाठ, भंडारा आयोजित*
खरोरा। नगर के वार्ड क्रमांक 8 स्थित शिव मंदिर एवं हनुमान मंदिर में 2 अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर सुंदरकांड, हनुमान चालीसा एवं रामायण पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान शिव शक्ति भजन मंडली द्वारा रामायण एवं हनुमान चालीसा का भावपूर्ण पाठ किया गया। अंजनेय भगवान के जन्मोत्सव के शुभ अवसर पर मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन एवं पूजा-अर्चना का क्रम दिनभर चलता रहा।
श्रद्धालुओं ने “ॐ रामदूताय विद्महे वायुपुत्राय धीमहि तन्नो हनुमान प्रचोदयात्” मंत्रों के साथ हनुमान जी की उपासना कर साहस, बल और बुद्धि की कामना की। मान्यता है कि हनुमान जी चिरंजीवी हैं, इसलिए उनके जन्मोत्सव को विशेष उत्सव के रूप में मनाया जाता है।
इस अवसर पर मंदिर में विशेष पूजन-अर्चन कर क्षेत्र की सुख, शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की गई। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए विशेष भोज भंडारे की व्यवस्था भी की गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा।जय श्री राम।
श्री रोहित वर्मा जी की खबर