बेमेतरा:-भक्त माता कर्मा जयंती महोत्सव में शामिल हुए विधायक दीपेश साहू , मेधावी छात्रों व खिलाड़ियों का किया सम्मान
बेमेतरा:-भक्त माता कर्मा जयंती महोत्सव में शामिल हुए विधायक दीपेश साहू , मेधावी छात्रों व खिलाड़ियों का किया सम्मान
मेघू राणा बेमेतरा। बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम देवरबीजा में साहू समाज द्वारा भक्त माता कर्मा जयंती महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में बेमेतरा विधायक दीपेश साहू शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता परिक्षेत्रीय साहू संघ के अध्यक्ष सुखी राम साहू ने की।
ग्राम देवरबीजा पहुंचने पर विधायक दीपेश साहू का समाज के पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों ने कर्मा नृत्य, फूल-मालाओं और जयकारों के साथ जोरदार स्वागत किया। इसके पश्चात विधायक साहू ने भक्त माता कर्मा मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि और समाज के जनकल्याण की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त कर क्षेत्र और समाज का नाम रोशन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। साथ ही राष्ट्रीय स्तर की कराटे प्रतियोगिता एवं संभाग स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभावान खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन की शुरुआत विधायक दीपेश साहू ने “संत माता कर्मा की जय” के जयघोष के साथ की। उन्होंने कहा कि देवरबीजा में आयोजित यह आयोजन अपने आप में ऐतिहासिक है और यह इस महोत्सव का दसवां वर्ष है। इस प्रकार का अनुकरणीय आयोजन छत्तीसगढ़ के बहुत कम स्थानों पर देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि संत माता कर्मा का संदेश था कि मनुष्य को सदैव अच्छे कर्म करते रहना चाहिए और फल की चिंता नहीं करनी चाहिए।
विधायक साहू ने कहा कि आज उन्हें जनसेवा का जो अवसर मिला है वह भक्त माता कर्मा के आशीर्वाद तथा साहू समाज के पदाधिकारियों और क्षेत्र की जनता के स्नेह का परिणाम है। उन्होंने कहा कि सामाजिक जीवन की शुरुआत उन्होंने भी एक छोटे से पदाधिकारी के रूप में की थी और आज समाज के आशीर्वाद से उन्हें क्षेत्र की सेवा करने का अवसर मिला है।
उन्होंने सामाजिक बंधुओं से शिक्षा के महत्व पर विशेष जोर देते हुए कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जिससे व्यक्ति का जीवन आसान और उज्ज्वल बनता है। सभी अभिभावकों से उन्होंने अपने बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने की अपील की ताकि उनका भविष्य बेहतर बन सके। उन्होंने कहा कि वे स्वयं विधायक बनने से पहले शिक्षक रहे हैं, इसलिए शिक्षा के महत्व को भली-भांति समझते हैं।
विधायक दीपेश साहू ने क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि बेमेतरा में लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत से नालंदा परिसर का निर्माण किया जा रहा है, जहां विद्यार्थियों के लिए निशुल्क लाइब्रेरी की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके साथ ही लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से विशाल ऑडिटोरियम का निर्माण किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए श्रीराम एकेडमी के माध्यम से निशुल्क कोचिंग की सुविधा दी जा रही है तथा शीघ्र ही श्रीराम लाइब्रेरी की भी शुरुआत होने वाली है। इसके अलावा क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की प्रक्रिया भी प्रारंभ की जा चुकी है।
विधायक साहू ने बताया कि हाल ही में प्रस्तुत बजट में लगभग 300 करोड़ रुपये की लागत से अमोरा बैराज को स्वीकृति मिली है, जिससे क्षेत्र के किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा प्राप्त होगी। इसके साथ ही क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण को भी स्वीकृति मिली है, जिनमें दुर्ग-बेमेतरा मार्ग, बेमेतरा-बेरला-अहिवारा मार्ग तथा कवर्धा से सिमगा तक सड़क निर्माण जैसे बड़े कार्य शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि ग्राम देवरबीजा में भी खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से लगभग 55 लाख रुपये की लागत से खेल स्टेडियम का निर्माण कराया गया है, जिससे गांव और आसपास के युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। इसके आलावा व्यवसायिक काम्प्लेक्स सीसी रोड हाई मास्क लाइट सामुदायिक भवन जैसे विभिन्न विकास कार्य प्रगति पर है
कार्यक्रम में टी आर साहू,प्रेमलाल साहू, सुखी राम साहू, बलवंत साहू मनोहर साहू, पवन साहू,शत्रुघ्न साहू, कन्हैया लाल साहू,जगदीश साहू, संजय साहू, डॉ के आर साहू,सखा साहू समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में सामाजिक बंधु, ग्रामीणजन, महिलाएं एवं युवा उपस्थित रहे।