*ग्राम चिचोली में स्वयंभू भूतेश्वर महादेव मंदिर में पार्थिव शिवलिंग पूजन एवं महाअभिषेक 15फरवरी को*
खरोरा। ग्राम चिचोली स्थित दो सरोवरों के मध्य विराजित स्वयंभू भूतभावन भगवान भूतेश्वर महादेव मंदिर में विगत 11 वर्षों से पार्थिव शिवलिंग निर्माण कर वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ श्रद्धालुओं द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना की परंपरा निरंतर जारी है। इस वर्ष भी श्रद्धालुजन युगल जोड़े में पार्थिव शिवलिंग बनाकर जलाभिषेक एवं दुग्धाभिषेक करेंगे तथा चारों पहर की विशेष पूजा का आयोजन किया जाएगा।
मंदिर में प्रथम प्रहर की पूजा प्रातः 11:00 बजे से, द्वितीय प्रहर की पूजा दोपहर 3:00 बजे से, तृतीय प्रहर की पूजा सायं 7:00 बजे से तथा चतुर्थ प्रहर की पूजा रात्रि 11:00 बजे से प्रारंभ होगी। इसके पश्चात 16 फरवरी की प्रातः 4:00 बजे हवन कार्यक्रम संपन्न होगा। पूजन उपरांत श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का भी आयोजन किया गया है।
पूजा एवं मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष राजकुमार सिंह ठाकुर ने बताया कि इस धार्मिक आयोजन की शुरुआत 11 वर्ष पूर्व बाल ब्रह्मचारी संत शिरोमणि दास महाराज (प्रदेश अध्यक्ष, राष्ट्रीय गौ रक्षा संघ) द्वारा की गई थी। इस वर्ष भी प्रयागराज से पधारे विद्वान पंडितों द्वारा वैदिक विधि से अभिषेक एवं पूजन कराया जाएगा। प्रमुख यजमान के रूप में श्रीमती नीरा राजकुमार सिंह सपत्नीक पूजा में सम्मिलित होंगी।
उन्होंने क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर भगवान भूतेश्वर महादेव का आशीर्वाद प्राप्त करें। इस आयोजन में ग्राम के मंत्रीशक्ति, युवा शक्ति, मातृशक्ति एवं वरिष्ठजनों का विशेष सहयोग प्राप्त हो रहा है। महिला ग्राम संगठन की अध्यक्ष श्रीमती जया साहू सहित समस्त मातृशक्ति सक्रिय रूप से सहयोग कर रही हैं।
पूजा व्यवस्था में सीताराम अग्रवाल एवं रामेश्वर सिरमौर का विशेष योगदान रहता है, वहीं कार्यक्रम का संचालन समिति के सचिव श्री अवधेश पांडे के मार्गदर्शन में ग्रामवासियों के सहयोग से किया जा रहा है। आयोजन को सफल बनाने में ग्राम के अनेक सहयोगी भी सक्रिय रूप से योगदान दे रहे हैं।
समिति अध्यक्ष ने बताया कि जो भी श्रद्धालु सच्चे मन से भगवान भोलेनाथ की पूजा करते हैं, उनकी सभी मनोकामनाएं अवश्य पूर्ण होती हैं। भगवान भूतेश्वर महादेव की कृपा से क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे, यही सभी श्रद्धालुओं की कामना है।
श्री रोहित वर्मा जी की खबर