*ठगडा बांध में भ्रष्टाचार की होगी जांच,गड़बड़ी की खुलेगी पोल*
ठगडा बांध के सौंदर्यकरण और अन्य विकास कार्यों में पूर्व एल्डरमैन भाजपा नेता डॉ. प्रतीक उमरे द्वारा लगाए गए अनियमितताओं के आरोपों पर नगर निगम दुर्ग ने सख्त रुख अपनाया है।मामले की विस्तृत जांच के लिए चार सदस्यीय जांच दल का गठन किया गया है। टीम को सात दिनों के भीतर जांच कर विस्तृत रिपोर्ट निगम सभापति के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जांच दल में किसी भी अधिकारी को शामिल नहीं किया गया है।दुर्ग नगर निगम के पूर्व एल्डरमैन भाजपा नेता डॉ. प्रतीक उमरे ने ठगड़ा बांध में व्याप्त भ्रष्टाचार और ठेकेदारों द्वारा आम जनता से की जा रही अवैध वसूली के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए जांच की मांग की थी।उन्होंने कहा था कि भाजपा की सरकार में ऐसी अनियमितताओं का जारी रहना न केवल विडंबनापूर्ण है,बल्कि जनता के विश्वास पर भी प्रहार है। उन्होंने प्रवेश के नाम पर लिए जा रहे शुल्क पर भी कहा था कि यह वसूली न केवल राज्य सरकार के नियमों का उल्लंघन है,बल्कि सार्वजनिक संपत्ति के दुरुपयोग का भी उदाहरण है।नगर निगम द्वारा जनता की गाढ़ी कमाई को खर्च कर ठगड़ा बांध में सौंदर्यीकरण कराया गया था जिसपर भारी कमीशखोरी एवं धांधली किया गया है तथा उसके बाद गुप्त टेंडर जारी कर संचालन करने दे दिया गया है।उसके बाद आम जनता से प्रवेश के नाम पर शुल्क लेना भ्रष्टाचार की पराकाष्ठा है।