प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक : 29/01/2026
स्थान : रायपुर
विवेक-उत्सव में छात्रों ने बिखेरी सांस्कृतिक प्रतिभा की छटा
रायपुर। शासकीय नवीन महाविद्यालय, गुढ़ियारी एवं राष्ट्रीय कला मंच के संयुक्त तत्वावधान में महाविद्यालय परिसर में भव्य सांस्कृतिक समारोह “विवेक-उत्सव” का आयोजन उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. मधुलिका अग्रवाल के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित श्रीमती कंचन जोशी जी ने विद्यार्थियों से अपने जीवन अनुभव साझा करते हुए कला के क्षेत्र में करियर निर्माण, अनुशासन एवं निरंतर अभ्यास के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि को पहचानकर उसे लक्ष्य के रूप में अपनाने हेतु प्रेरित किया।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि डॉ. गंधर्व पांडेय (एम.डी. फिजिशियन) ने विद्यार्थियों को करियर के साथ-साथ शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के संतुलन पर ध्यान देने की आवश्यकता बताई तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए उपयोगी सुझाव दिए।
विवेक-उत्सव के दौरान विद्यार्थियों द्वारा विविध सांस्कृतिक एवं कलात्मक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिनमें नृत्य, संगीत एवं रचनात्मक अभिव्यक्तियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस सफल आयोजन में छात्र मो. हबीब के नेतृत्व में राजनंदनी कटरे, प्रतीक्षा वर्मा, सत्यवती साहू, संजना साहू, मोनिका साहू सहित अन्य विद्यार्थियों का सराहनीय योगदान रहा।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सांस्कृतिक चेतना का विकास करना एवं उनकी रचनात्मक प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना रहा, जिसमें आयोजन पूर्णतः सफल सिद्ध हुआ।