तिल्दा नेवरा: तिल्दा नेवरा के 22 वार्डो में कुल 77.59 प्रतिशत मतदान, महिला मतदाताओं ने किया अधिक मतदान
तिल्दा नेवरा: तिल्दा नेवरा के 22 वार्डो में कुल 77.59 प्रतिशत मतदान, महिला मतदाताओं ने किया अधिक मतदान
तिल्दा नेवरा नगर पालिका अध्यक्ष एवं पार्षदों का चुनाव सम्पन्न हुआ, जिसमें कुल 77.59 प्रतिशत मतदान हुआ है, कई वार्डो में भारी मतदान हुआ है। शहर के कुल 24768 मतदाताओं में से 19218 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। जिसमें से 9418 पुरुष मतदाताओं एवं 9800 महिला मतदाताओं ने अपने मत डाले है। कई वार्डो में महिला मतदाताओं ने बढ़ चढ़ कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। कई पोलिंग बूथों पर महिलाओं की लंबी लाइन भी लगी थी। वहीं ईवीएम मशीनों को बीएनबी शासकीय स्कूल के स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखवाया गया है।
इधर कांग्रेस व भाजपा दोनों ही पार्टी अपनी अपनी जीत के प्रति आश्वस्त नजर आ रहे है। लेकिन पिटारा 15 फरवरी को ही खुलेगा व जीत का ताज जनता ने किसे पहनाया है यह पता चलेगा।
वहीं शांति पूर्ण मतदान कराने में पुलिस प्रशासन का विशेष सहयोग रहा। पूरी मुस्तैदी के साथ पुलिस डटी रही।
साथ ही बता दे कि इधर भाजपा संगठन पर भरोसा रखती है तो वहीं कांग्रेस में संगठन से ज्यादा व्यक्ति विशेष को महत्व दिया जाता है। गुटबाजी दोनों पार्टियों में है लेकिन कांग्रेस में बहुत ज्यादा गुटबाजी देखने को मिलता है। इसका ताजा उदाहरण इस चुनाव में भी देखने को मिला है। जहां कांग्रेस से अध्यक्ष प्रत्याशी बनाए गए लक्ष्मीनारायण वर्मा जो कि लगातार 3 बार के पार्षद रहे है उन्हें अपने टिकट के लिए काफी एड़ी चोटी का जोर लगाना पड़ा है। जबकि बिना विवाद पहली प्राथमिकता लक्ष्मीनारायण वर्मा को ही मिलना था। फिर पूर्व राज्यसभा सांसद छाया वर्मा ने उसे टिकट दिलवाने में कामयाब हो गई।
उसके बाद कांग्रेस ने नामांकन दाखिले के आखिरी तारीख के पहले 27 जनवरी की रात में लगभग 10.30 बजे पार्षद पद के प्रत्याशियों की घोषणा की। जिसमें गुटबाजी स्पष्ट रूप से नजर आई। भाजपा ने अपने पार्षद पद के प्रत्याशियों की पहले ही घोषणा कर दी थी।
वहीं कुछ वार्डो में कांग्रेस से प्रत्याशी थोप दिए गए। कुछ वार्डो में कांग्रेस के जो सच्चे सिपाही थे उनकी टिकट काटकर दूसरे लोगों को टिकट दे दिए। जिसका उन वार्डो में काफी आक्रोश भी देखा गया। सूत्रों की माने तो कुछ वार्डो में भाजपा से सेटिंग कर व लेनदेन कर टिकट वितरण की बातें भी जमकर चर्चा में रही है। वार्ड क्रमांक 8 में तो वार्डवासियों ने बताया कि कांग्रेस की वार्ड की महिला प्रत्याशी एक भी दिन प्रचार में नहीं निकली, बताया गया कि कांग्रेस के जनसंपर्क रैली के पहले ही दिन से वह बीमार हो गई थी। इसी तरह से कुछ अन्य वार्डों में भी कांग्रेस प्रत्याशी काफी कमजोर नजर आए।
भाजपा में भी कुछ वार्डो में प्रत्याशियों को लेकर काफी नाराजगी जाहिर की गई, भाजपा में भी गुटबाजी देखने को मिला है लेकिन अध्यक्ष पद से लेकर भाजपा के पार्षद प्रत्याशियों के लिए मंत्री टंक राम वर्मा की ही चली है ऐसा बताया जाता है।