मुश्किल में राहुल गांधी: दुर्ग पदमनाभपुर थाने में दर्ज हुई शिकायत,जानिए किस बयान को लेकर फंसे कांग्रेस नेता
मुश्किल में राहुल गांधी: दुर्ग पदमनाभपुर थाने में दर्ज हुई शिकायत, जानिए किस बयान को लेकर फंसे कांग्रेस नेता
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने 15 जनवरी को नए कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन के उद्घाटन में कहा था कि 'बीजेपी और आरएसएस ने हर एक संस्थान पर कब्जा कर लिया है और अब हम बीजेपी,आरएसएस और इंडियन स्टेट से लड़ रहे हैं'। इस बयान पर दुर्ग नगर निगम के पूर्व एल्डरमैन भाजपा नेता डॉ.प्रतीक उमरे ने पदमनाभपुर थाना में राहुल गांधी के विरुद्ध शिकायत दर्ज कर बीएनएस की धारा 152 के तहत तत्काल कानूनी कार्रवाई करने की मांग किया है।भाजपा नेता डॉ.प्रतीक उमरे ने कहा कि राहुल गांधी ने भारत की संप्रभुता, एकता और अखंडता को खतरे में डालने वाला काम किया है,ये एक संज्ञेय और गैर-जमानती कार्य है।राहुल गांधी के बयान ने अभिव्यक्ति की आजादी की सीमा को भी पार किया और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा कर दिया।राहुल गांधी के शब्द देश में अशांति और अलगाववादी भावनाओं को भड़काने का काम कर सकते हैं। राहुल द्वारा ये कहना कि उनकी लड़ाई "भारतीय राज्य" के विरुद्ध है, इससे साफ है कि वो जानबूझकर जनता के बीच विद्रोह को भड़काना चाहते हैं।राहुल गांधी की टिप्पणी बार-बार चुनावी विफलताओं से हताशा के चलते आई है।
विपक्ष के नेता के रूप में गांधी की लोकतांत्रिक संस्थाओं में जनता का विश्वास बनाए रखने की जिम्मेदारी है,लेकिन इसके बजाय उन्होंने झूठ फैलाने और विद्रोह भड़काने के लिए अपने मंच का फायदा उठाना चुना,विपक्ष के नेता के पद पर आसीन व्यक्ति द्वारा सार्वजनिक मंच पर दिया गया यह बयान कोई साधारण राजनीतिक टिप्पणी नहीं थी।ये टिप्पणियां भारतीय राज्य की संप्रभुता और अखंडता को कमजोर करने और लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ विद्रोह भड़काने के लिए जानबूझकर की गई थीं।जिससे भारत की एकता और संप्रभुता खतरे में पड़ गई।लोकतांत्रिक तरीकों से जनता का विश्वास जीतने में विफल रहने के बाद,राहुल अब केंद्र सरकार और भारतीय राज्य के खिलाफ असंतोष भड़काने की कोशिश कर रहे हैं।राहुल गांधी की टिप्पणी भारतीय राज्य की अखंडता और स्थिरता के लिए एक सीधी चुनौती है,जिसके लिए बीएनएस की धारा 152 के तहत तत्काल कानूनी कार्रवाई की आवश्यकता है।