तिल्दा नेवरा: नीलजा में सम्पन्न हुआ तिल्दा राज अधिवेशन, पूर्व मुख्यमंत्री, मंत्री आदि हुए शामिल
ग्राम निलजा में छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज तिल्दा राज का वार्षिक राज अधिवेशन राज प्रधान ठाकुर राम वर्मा के नेतृत्व में आयोजित किया गया। जिसमें अतिथि के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, मंत्री टंक राम वर्मा, सांसद विजय बघेल, समाज के केंद्रीय अध्यक्ष खोड़स राम कश्यप, पूर्व राज्यसभा सांसद छाया वर्मा, पूर्व विधायक लक्ष्मी बघेल, जनक राम वर्मा, लक्ष्मी वर्मा , जनपद पंचायत अध्यक्ष सुमन देवव्रत नायक , दसों राज के राजप्रधानगण आदि उपस्थित थे।
उक्त कार्यक्रम में प्रतिभा सम्मान सहित विभिन्न सामाजिक कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। जीवन ज्योति रक्त दान समिति द्वारा विशाल रक्तदान शिविर, निः शुल्क चिकित्सा शिविर आदि भी किया गया। अपने उद्बोधन में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सामाजिक एकता पर जोर देते हुए कहा कि यही समय है अभी से एकता का परिचय दे।
उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य के प्रथम स्वप्न दृष्टा डॉ खूबचंद बघेल के नाम से जारी स्वास्थ योजना को बंद करने पर राज्य सरकार के खिलाफ जमकर भड़ास भी निकाली, साथ ही जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर एक भी ओबीसी वर्ग को आरक्षण नहीं देने पर राज्य सरकार के खिलाफ सवाल भी खड़े किए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़िया अभी नहीं जागे तो कभी नहीं जाग पाएंगे वे अपने हक अधिकार के लिए लड़ाई लड़े।
मंत्री टंक राम वर्मा ने कार्यक्रम की प्रशंसा कर राज प्रधान ठाकुर राम वर्मा की मांगो पर राशि स्वीकृत किया, अन्य अतिथियों ने भी अपने उद्बोधन व्यक्त किए, केंद्रीय अध्यक्ष खोड़स राम कश्यप ने भी सामाजिक एकता पर जोर दिया। मंच संचालन राज मंत्री दौलत धुरंधर द्वारा किया गया। राजप्रधान ठाकुर राम वर्मा ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर हजारों की संख्या में समाज के लोग उपस्थित हुए।