वैक्सीनेशन हुआ धीमा, 30 सितंबर तक 2.40 लाख लोगों को तीसरी डोज लगाने की दी चुनौती
जिले के 5 ब्लॉक में 18 से 59 साल तक के 4 लाख 11 हजार लोगों को तीसरी डोज लगाने का लक्ष्य रखा गया है। जिसके अनुरूप 20 अगस्त तक एक लाख 52 हजार 251 लोगों को तीसरी डोज लग चुकी थी। इसके बाद महंगाई भत्ता सहित दो सूत्रीय मांग को लेकर सरकारी कर्मचारियों ने हड़ताल शुरू कर दी। वैक्सीनेशन रिपोर्ट तैयार नहीं हो पा रही है।
विभागीय अफसरों के अनुसार जिले के सभी ब्लॉक में कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीनेशन का दौर जारी है। बावजूद लगभग 2 लाख 40 हजार लोगों को तीसरी डोज लग नहीं पाई है। सीएमएचओ डॉ. एस. मण्डल, टीकाकरण अधिकारी डॉ. जितेंद्र साहू ने बताया कि 20 अगस्त की स्थिति मंे 7 लाख 15 हजार 372 लोगों को पहली और 5 लाख 91 हजार 87 लोगो को दूसरी डोज लग चुकी थी। 2 लाख 2 हजार 621 लोग तीसरी डोज लगवा चुके थे। कर्मचारियों की हड़ताल के बाद भी वैक्सीनेशन जारी है इसलिए आंकड़े बढ़ते क्रम पर रहेगा। वहीं हड़ताल की वजह से जिले में सामूहिक दवा सेवन एवं कृमि मुक्ति कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। इस संबंध में सीएमएचओ ने संबंधितों को आदेश जारी किया है।
जुलाई में तीसरी डोज लगाने की शुरुआत
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार वैक्सीनेशन अमृत महोत्सव के तहत 18+ के लोगों को तीसरी यानी प्रीकॉशन डोज लगने की शुरुआत हुई। जिसके बाद से अब तक रोजाना लोग टीका लगवाने पहुंच रहे हैं। ओवरऑल वैक्सीनेशन की स्थिति पर गौर करें तो हेल्थ वर्कर वर्ग में 7 हजार 54 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य है। जिसके अनुरूप 20 अगस्त तक 7 हजार 903 (112%) लोगों को पहली व 7 हजार 625 (108%) को दूसरी डोज लग चुकी है। वहीं इनमें से 6 हजार 411 (91%) को तीसरी डोज लगी है। इसी तरह फ्रंटलाइन वर्कर में 4 हजार 670 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य है।
45+ वर्ग मंे 24% ज्यादा को पहली डोज
45-59 वर्ग में एक लाख 30 हजार 519 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य है। जिसके अनुरूप एक लाख 61 हजार 355 (124%) लोगों को पहली व एक लाख 39 हजार 292 (107%) को दूसरी डोज लग चुकी है। इसी तरह 18-44 वर्ग में 3 लाख 78 हजार 797 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य है। जिसके अनुरूप 3 लाख 86 हजार (103%) लोगों को पहली व 3 लाख 11 हजार 697 (82%) को दूसरी डोज लग चुकी है। वहीं 15-17 वर्ग- 48 हजार 934 बच्चों को टीका लगाने का लक्ष्य है। जिसके अनुरूप 36 हजार 24 (74%) को पहली व 30 हजार 290 (62%) को दूसरी डोज लग चुकी है।
शिक्षक भी हड़ताल पर स्कूलों में भी पड़ा प्रभाव
स्वास्थ्य व शिक्षा विभाग के कर्मचारी हड़ताल पर हैं। इसलिए स्कूलों में वैक्सीनेशन प्रभावित हो रही है। 12-14 वर्ग के 39 हजार 429 बच्चों को टीका लगाने का लक्ष्य है। जिसके अनुरूप 30 हजार 917 (78%) को पहली और 21 हजार 897(56%) बच्चों को दूसरी डोज लग चुकी है। इस लिहाज से लक्ष्य पूरा नहीं हो पाया है। वहीं 60+ वर्ग में 77 हजार 97 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य है।
जिसके अनुरूप 86 हजार 514 (112%) को पहली डोज और 73 हजार 868 (96%) को दूसरी डोज लग चुकी है। वहीं इनमें से 37 हजार 356(48%) को तीसरी डोज लगी है। 18+ के 4 लाख से ज्यादा लोगों को 30 सितंबर तक तीसरी डोज लगाकर लक्ष्य पूरा कराना चुनौती है, क्योंकि विभागीय कर्मचारी कब तक हड़ताल पर रहेंगे, इस पर संशय की स्थिति है।