बालोद में कांग्रेस को फिर से झटका:बूथ अध्यक्षों समेत 122 कार्यकर्ताओं ने छोड़ी पार्टी, बोले-हमारी ही सरकार में हमें ही नहीं सुना जाता
बालोद में कांग्रेस को फिर से झटका:बूथ अध्यक्षों समेत 122 कार्यकर्ताओं ने छोड़ी पार्टी, बोले-हमारी ही सरकार में हमें ही नहीं सुना जाता
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में कांग्रेस को फिर से झटका लगा है। अब यहां 2 बूथ अध्यक्षों समेत 122 लोगों ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। सभी ने पार्टी पर उनकी बात नहीं सुनने का आरोप लगाया है। इनका कहना है कि हमारी ही सरकार में हमारी ही बात सुनी नहीं जाती। विधायक भी हमारे नहीं सुनते हैं।
इस संबंध में सभी ने बालोद जिला अध्यक्ष चंद्रप्रभा सुधाकर को पत्र भेजा है। ये सभी गुंडरदेही विधानसभा के कार्यकर्ता हैं। इसके पहले जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे अभिषेक शुक्ला ने पार्टी से इस्तीफा दिया था। उनके अलावा देवरी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के महामंत्री भी इस्तीफा दे चुके हैं।
इस्तीफा देने वाले नेताओं का कहना है कि हमारे क्षेत्र में विकास नहीं हो रहा है। विधायक सिर्फ घोषणा करते हैं। मगर काम नहीं होता है। हमें लगातार उपेक्षित किया जा रहा है। इसलिए हमने इस्तीफा दिया है। भंडेर के बूथ कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रहे केदार देवांगन ने कहा कि मैंने 40 साल से पार्टी में निष्ठानवान कार्यकर्ता के रूप में काम किया है, लेकिन इसका कोई महत्व ही नहीं है। मैंने 40 सालों तक कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता के रूप में निष्ठापूर्वक कार्य किया। कांग्रेस में अब निष्ठावान कार्यकर्ताओं का कोई महत्त्व नहीं है।