*छत्तीसगढ़ शासन का ऐतिहासिक एवं किसान हितैषी निर्णय, अन्नदाताओं को प्रति एकड़ ₹13,839 की अंतर राशि का भुगतान बड़ी सौगात - शशि पवार*
प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक-23-11-2026, रविवार
स्थान - कुर्मी भवन बालोद
*छत्तीसगढ़ शासन का ऐतिहासिक एवं किसान हितैषी निर्णय, अन्नदाताओं को प्रति एकड़ ₹13,839 की अंतर राशि का भुगतान बड़ी सौगात - शशि पवार*
*धान बेचने की इबादत से मुक्ति और प्रति एकड़ 13839 की सहायता किसानों के हित में साय सरकार का ऐतिहासिक फैसला- शशि पवार*
*किसानों की आय बढ़ाने, आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने और कृषि को लाभकारी बनाने की दिशा में राज्य सरकार की ऐतिहासिक पहल।*
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा किसानों के हित में लिए गए ऐतिहासिक एवं दूरदर्शी निर्णयों तथा कृषि विभाग की महत्वपूर्ण उपलब्धियों को लेकर आज आयोजित प्रेस वार्ता में मुख्य वक्ता श्री शशि पवार जी ने राज्य सरकार की किसान हितैषी योजनाओं एवं उपलब्धियों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
श्री पवार ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार किसानों की आर्थिक समृद्धि, आय में वृद्धि एवं कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए निरंतर ऐतिहासिक निर्णय ले रही है। सरकार का उद्देश्य केवल किसानों की उपज खरीदना नहीं, बल्कि उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और खेती को अधिक लाभकारी बनाना है।
उन्होंने कहा कि कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत किसानों को प्रति एकड़ ₹13,839 की आदान सहायता राशि प्रदान करने का निर्णय प्रदेश के लाखों अन्नदाताओं के लिए बड़ी सौगात है। पूर्व में धान की निर्धारित मात्रा के आधार पर अंतर की राशि का भुगतान किया जाता था, लेकिन अब प्रति एकड़ एक समान आदान सहायता राशि देने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। इससे किसानों को अपनी आवश्यकता एवं सुविधानुसार धान बेचने की स्वतंत्रता मिलेगी तथा कम मात्रा में धान विक्रय करने पर भी निर्धारित प्रोत्साहन राशि का लाभ सुनिश्चित होगा।
उन्होंने बताया कि खरीफ 2023 से खरीफ 2025 तक प्रदेश के 25 लाख से अधिक किसानों को कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत कुल ₹35,904 करोड़ 90 लाख की राशि का भुगतान किया जा चुका है।
फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने की ऐतिहासिक पहल
श्री पवार ने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार किसानों को केवल धान की खेती तक सीमित न रखकर अन्य लाभकारी फसलों की ओर प्रोत्साहित कर रही है। धान के स्थान पर अन्य फसल लेने वाले किसानों को मिलने वाली सहायता राशि ₹11,000 प्रति एकड़ से बढ़ाकर ₹15,000 प्रति एकड़ कर दी गई है।
इसके अतिरिक्त दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी, रागी एवं कपास जैसी फसलों की खेती करने वाले किसानों को ₹10,000 प्रति एकड़ की सहायता देने का प्रावधान किया गया है। इससे फसल विविधीकरण को प्रोत्साहन मिलेगा तथा किसानों की आय के नए अवसर विकसित होंगे।
गन्ना उत्पादक किसानों को भी बड़ी राहत
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने गन्ना उत्पादक किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गन्ने का उपार्जन मूल्य ₹355 से बढ़ाकर ₹425 प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित उचित एवं लाभकारी मूल्य (FRP) तथा राज्य सरकार द्वारा घोषित दर के अंतर की राशि किसानों को गन्ना प्रोत्साहन राशि के रूप में प्रदान की जा रही है।
छत्तीसगढ़ में गन्ना उत्पादक किसानों को देश के अन्य राज्यों की तुलना में अधिक राशि मिल रही है। कबर्धा, पंडरिया एवं बालोद शक्कर कारखानों से जुड़े किसानों को निर्धारित रिकवरी के आधार पर ₹425 से भी अधिक राशि का भुगतान किया जा रहा है।
दलहन एवं तिलहन उत्पादकों को न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ
श्री पवार ने प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (PM-AASHA) की जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के माध्यम से दलहन एवं तिलहन उत्पादक किसानों की उपज न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी जा रही है।
वर्ष 2025-26 में प्रदेश के 29 जिलों में 273 उपार्जन केंद्र स्थापित किए गए थे। इनके माध्यम से अरहर, सोयाबीन, चना, मसूर एवं सरसों की कुल 3,72,039 क्विंटल उपज खरीदी गई तथा किसानों को ₹219.08 करोड़ का भुगतान किया गया। यह किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
श्री अन्न (मिलेट्स) उत्पादक किसानों को प्रोत्साहन
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार कोदो, कुटकी एवं रागी जैसे पारंपरिक मोटे अनाजों के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए भी विशेष पहल कर रही है। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन संघ (मार्कफेड) के माध्यम से इन फसलों का उपार्जन किया जाएगा। इससे मिलेट्स उत्पादक किसानों को उचित मूल्य मिलेगा तथा छत्तीसगढ़ को श्री अन्न उत्पादन एवं प्रसंस्करण के क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी।
श्री पवार ने कहा कि प्रदेश सरकार की ये सभी योजनाएं किसानों की आय में वृद्धि, आर्थिक सुरक्षा, कृषि के आधुनिकीकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगी।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार किसानों के सम्मान, स्वाभिमान और समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है। किसानों के हित में लिए जा रहे ये निर्णय इस बात का प्रमाण हैं कि सरकार अन्नदाताओं के परिश्रम का उचित सम्मान और उन्हें उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने के लिए संकल्पित है।
प्रेस वार्ता में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे- यज्ञदत्त शर्मा , प्रदेश उपाध्यक्ष लघु वनोपज संघ(राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त), जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख ,कृष्णकांत पवार , जिला महामंत्री राकेश छोटू यादव , जिला प्रवक्ता जितेंद्र साहू, धमतरी जिला कोषाध्यक्ष कविंद्र जैन, सुरेंद्र देशमुख ,जिला अध्यक्ष किसान मोर्चा,तथा मीडिया प्रभारी कमल पनपालिया, अरविंद सिंह मुंडी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कमल पनपालिया
मीडिया प्रभारी
भारतीय जनता पार्टी जिला बालोद